अब इन 5 शहरों में पेट्रोल से महंगा हो सकता है डीजल, जानें- कहां कितनी है कीमत
इतिहास में ये पहला मौका है जब देश में डीजल की कीमत पेट्रोल से ज्यादा हुई है। दिल्ली के बाद डीजल की कीमतें 5 अन्य शहरों में रिकॉर्ड तोड़ने की तरफ बढ़ रही हैं।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। न तो अभी कोरोना का खतरा कम हुआ और न ही लॉकडाउन की समस्याएं समाप्त हुई हैं। इन सबके बीच देश में पिछले 18 दिन से लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतें आम आदमी के लिए एक नई मुसीबत बन चुकी हैं। इतिहास में ये पहला मौका है जब देश के किसी हिस्से में डीजल की कीमतों ने पेट्रोल को पछाड़ दिया है। राजधानी दिल्ली में इतिहास रचने के बाद डीजल की कीमतें, अब देश के पांच अन्य शहरों में रिकॉर्ड तोड़ने की तरफ बढ़ रही हैं। इसके अलावा चार शहर ऐसे हैं, जहां पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अब 5 रुपये से भी कम का अंतर रह गया है।
लॉकडाउन की वजह से काफी बड़ी आाबदी को पहले ही आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक राजधानी दिल्ली में बुधवार को पेट्रोल की कीमत 79.76 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रही, लेकिन डीजल की कीमत में 48 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई। बढ़ोतरी के बाद बुधवार को दिल्ली में डीजल की कीमत 79.88 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई। मतलब बुधवार को दिल्ली में डीजल, पेट्रोल के मुकाबले 12 पैसे प्रति लीटर महंगा बिका।
अब इन पांच शहरों में रिकॉर्ड तोड़ सकता है डीजल
देश के तमाम हिस्सों में डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। यही वजह है कि राजधानी दिल्ली के बाद डीजल की कीमतें अब देश के पांच अन्य शहरों में नया रिकॉर्ड कायम करने की तरफ बढ़ रही हैं। ये शहर हैं सूरत, अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा और रायपुर। बुधवार को सूरत में पेट्रोल और डीजल की कीमत में मात्र 48 पैसे प्रति लीटर का अंतर रह गया है। अहमदाबाद, राजकोट और वडोदरा में बुधवार को पेट्रोल व डीजल की कीमत में मात्र 50 पैसे प्रति लीटर का अंतर रह गया है। रायपुर में पेट्रोल-डीजल की कीमत में केवल 1.37 रुपये प्रति लीटर का फर्क बचा है। आशंका जताई जा रही है कि दिल्ली के बाद अब इन पांच शहरों में डीजल के भाव पेट्रोल को पार कर सकते हैं।

Comments
Post a Comment