पिता की दवा के लिए 160 किमी साइकिल चलाकर बरेली पहुंचा बेटा, दुकानदार ने लगाए आधे दाम
दवा लेने पहुंचा राजेश कुमार Photo
लॉकडाउन में मरीजों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हरदोई निवासी एक बुजुर्ग का बरेली के मानसिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। दवा खत्म होने के कारण पिता की हालत बिगड़ी तो उनका बेटा 160 किलोमीटर साइकिल चलाकर सोमवार को बरेली पहुंच गया।
हरदोई की तहसील शाहबाद के मैगलगंज क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी राजेश कुमार रविवार सुबह हरदोई से साइकिल से दवा लेने बरेली निकला था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह बरेली पहुंच गया और श्यामगंज के मेडिकल स्टोर से दवाई ली। राजेश कुमार ने बताया कि उसके पिता स्वामी दयाल 60 वर्ष के हैं और करीब 20 साल से उनका इलाज चल रहा है। राजेश कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पहले उसके पिता की दवा खत्म हो गई थी। तबीयत बिगड़ने पर उसने हरदोई से लेकर सीतापुर तक के चक्कर काटे, लेकिन वहां दवा नहीं मिली।
डॉक्टर ने बताया कि सिर्फ बरेली में ही दवा मिल सकती है, तो शनिवार सुबह हाईवे पर किसी वाहन का इंतजार करने लगा। जब शाम तक कोई वाहन नहीं मिला तो वह रविवार सुबह साइकिल से ही बरेली के लिए चल पड़ा और सोमवार सुबह तक पहुंच गया।
दवा विक्रेता दुर्गेश खटवानी ने बताया वह एक महीने की दवाई लेने आया था और पैसे भी पूरे लेकर आया था। लेकिन वह इतनी दूर से चलकर आया था कि उन्होंने भी उसकी मदद के तौर पर उसे एक माह की दवा आधे दामों पर उपलब्ध करा दी और उसके कुछ खाने का भी प्रबंध किया।

Comments
Post a Comment