पीओके के डॉक्टरों को पीपीई किट देने में इमरान सरकार नाकाम, ग्लब्स-मास्क को तरसे स्वास्थ्य कर्मचारी
कोरोना वायरस से लड़ाई के तरीके को लेकर पाकिस्तान की इमरान खान सरकार की काफी आलोचना हो रही है। अब पाकिस्तान सरकार पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के डॉक्टरों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट देने में भी नाकाम हो गई है। पीओके में डॉक्टर और पैरामेडिक कर्मचारियों ने इमरान खान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
जानबूझकर मौत के मुंह में झोंक रही इमरान सरकार
डॉक्टरों का कहना है पीपीई किट की कमी के कारण कोरोना से संक्रमित मरीजों का इलाज करते समय उन्हें खुद संक्रमण का ज्यादा खतरा है। मुजफ्फराबाद के अंबर अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार हमें जानबूझकर मौत के मुंह में झोंकना चाहती है। हमें बिना पीपीई किट के ही मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे अस्पताल के एक कर्मचारी ने कहा कि अंबर अस्पताल में डॉक्टरों, पैरामेडिक कर्मचारियों, सफाइकर्मियों और गार्डों को मिलाकर कुल 40 लोग हैं। सरकार इन 40 लोगों को भी किट नहीं दे पा रही है। उनहोंने इमरान सरकार पर हमला करते हुए कहा कि क्या हमारी व्यवस्था इतनी ज्यादा खराब हो गई है।
ग्लब्स और मास्क को तरसे स्वास्थ्य कर्मचारी
एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि पीओके में स्वास्थ्य सेवाएं इतनी मजबूत नहीं हैं कि वह कोरोना वायरस जैसी महामारी से लड़ सकें। हमने उनको वोट दिया और उन्होंने हमें मरने के लिए छोड़ दिया। जब सरकार हमें ग्लब्स और मास्क तक नहीं दे पा रही है तो पीपीई किट कहां से देगी। जब तक की हमें पीपीई किट नहीं मिल जाती प्रदर्शन जारी रहेगा।

Comments
Post a Comment