Awantipora Encounter: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों व आतंकियों के बीच दो जगह मुठभेड़, 3 आतंकी ढेर, मोबाइल इंटरनेट निलंबित
श्रीनगर, जेएनएन। Jammu Kashmir Encounter: दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा में हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर के पैतृक गांव बेगीपोरा में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। मुठभेड़ में रियाज नाइकू के मारे जाने की सूचना है, परंतु अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। दोनों ओर से गोलीबारी अभी भी जारी है। वहीं पुलिस का कहना है कि मारे गए आतंकवादी का शव मुठभेड़ स्थल पर जमीन पर गिरा हुआ तो नजर आ रहा है, लेकिन उसकी पहचान शव को कब्जे में लेने के बाद ही सार्वजनिक की जाएगी। दो से तीन आतंकवादी अभी भी छिपे हुए हैं और लगातार गोलीबारी कर रहे हैं।वहीं अवंतीपोरा में जारी इस मुठभेड़ में हिज्ब कमांडर के मारे जाने की सूचना घाटी में फैलते ही सोशल साइट पर इसको लेकर दुष्प्रचार शुरू हो गया है। कश्मीर घाटी में सक्रिय शरारती और राष्ट्र विरोधी तत्व इंटरनेट की विभिन्न सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर लोगों को भड़काते हुए उन्हें मुठभेड़ स्थलों पर जमा करने का प्रयास कर रहे हैं। यह देख प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घाटी में इंटरनेट मोबाइल सेवा निलंबित कर दी है। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि कुछ न्यूज एजेंसियां व मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि मारे गए आतंकियों में एक हिज्ब का टाॅप कमांडर रियाज नाइकू भी है, लेकिन अभी तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पार्इ है। एेसे में यह गलत सूचना घाटी में जारी शांति के वातावरण को नुकसान पहुंचा सकती है। सोशल मीडिया पर चल रहे इस दुष्प्रचार पर लगाम लगाने के लिए घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवा को फिलहाल निलंबित करने का निर्णय लिया गया है।

Comments
Post a Comment