26 सितंबर से खेला जा सकता है IPL 2020, बीसीसीआइ कर रही है तैयारी!
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2020 यानी इंडियन प्रीमियर लीग को लेकर ऐसी खबरें आ रही हैं कि बीसीसीआइ इस लीग को 26 सितंबर से कराने की योजना बना रही है। हाल ही में बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने साफ किया था कि वो किसी भी कीमत पर इस लीग को कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसे बिना दर्शकों के भी कराया जा सकता है। वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी मंगलवार को साफ किया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2020 का आयोजन इस साल अवास्तविक लग रहा है।
मुंबई मिरर के रिपोर्ट के मुताबिक आइपीएल 2020 का आयोजन सितंबर के आखिर से नवंबर के शुरुआत तक किया जा सकता है। उम्मीद का जा रही है कि इसका आयोजन 26 सितंबर से होगा और इसे 8 नवंबर तक किया जा सकता है। ये तारीख ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के संभावित स्थगित/रद्द होने के अधीन है। सितंबर में शुरू होने वाले आइपीएल के ज्यादातर मैच साउथ इंडिया में खेले जाएंगे क्योंकि मॉनसून उस हिस्से में उस समय ज्यादा गंभीर नहीं होगा।
ऐसी स्थिति में उम्मीद ये है कि चेन्नई और बैंगलोर इसकी मेजबानी की रेस में सबसे आगे हैं। हालांकि मुंबई बीसीसीआइ की पहली पसंद थी, लेकिन इस शहर में कोविड 10 के संक्रमितों की लगातार बढ़ती संख्या ने आयोजकों की मुश्किल बढ़ा दी। हालांकि ये भी कहा जा रहा है कि अगर स्थिति में सुधार होता है तो आइपीएल का आधा हिस्सा मुंबई में कराया जा सकता है।
मुंबई बीसीसीआइ की पहली पसंद है क्योंकि यहां पर चार इंटरनेशनल स्टेडियम हैं। यहां के कई होटल स्टेडियम के नजदीक है जिससे खिलाड़ियों को आसानी होगी, लेकिन कोविड 19 के बढ़ते केस ने आइपीएल के प्रबंधकों को निराश किया है। यही नहीं उम्मीद तो ये भी की जा रही है कि इसका आयोजन कर्नाटक और तमिलनाडु में भी केपीएल और टीएनपीएल के वेन्यू पर कराया जा सकता है। रिपोर्ट में ये भी कहा जा रहा है कि आइपीएल की टीमों को आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन इन विकल्पों पर अनौपचारिक तरीके से चर्चा की जा रही है।

Comments
Post a Comment