अमेरिका में तीन कंपनियां कोरोना की वैक्सीन बनाने के करीब, जल्द शुरू होगा एडवांस क्लीनिकल ट्रायल
अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फॉकी ने कहा है कि सरकार तीन कोरोना वायरस के टीकों का अध्ययन करेगी और इसके लिए फंड जारी करेगी।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फॉकी ने कहा है कि सरकार तीन कोरोना वायरस के टीकों का अध्ययन करेगी और इसके लिए फंड जारी करेगी। उन्होंने सीएनएन से कहा कि कोरोना वायरस टीके का विकास अच्छे तरीके से हो रहा है और हमें उम्मीद है कि गर्मियों की शुरुआत तक एक से ज्यादा टीके का एडवांस क्लीनिकल ट्रायल होने लगेगा। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर कोरोना वायरस के टीके के लिए यह अच्छी खबर है।सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉडर्ना के टीके का तीसरे चरण का ट्रायल जुलाई में किया जाएगा। आम तौर पर इस चरण में दसियों हजार लोगों पर इस बात का परीक्षण किया जाता है कि टीका सुरक्षित और प्रभावशाली है या नहीं। इसके बाद ऑक्सफोर्ड-एस्ट्रा जेनेका वैक्सीन का अगस्त और जॉनसन एंड जॉनसन के टीके का सितंबर में परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीके का उत्पादन इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत तक होने लगेगा।उधर, जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी ने कहा है कि उसने कोरोना के इलाज के लिए संभावित टीके की पहचान की है। इसका सितंबर महीने में मनुष्यों पर टेस्ट किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह अगले साल के शुरुआती महीनों में इमर्जेंसी प्रयोग के लिए उपलब्ध भी हो सकता है।
कंपनी ने पिछले दिनों एक बयान में बताया था कि फार्मास्यूटिकल कंपनी ने अमेरिकी सरकार के बायोमेडिकल अडवांस्ड रिसर्च एंड डिवेलपमेंट अथॉरिटी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है जो एक अरब डॉलर का निवेश करेगा। जॉनसन ऐंड जॉनसन ने जनवरी में एडी26 सार्स-सीओवी-2 पर काम करना शुरू किया था, जिस पर जांच चल रही है।

Comments
Post a Comment