CoronaVirus को ले बिहार से राहत भरी खबर: एक लाख सैंपल में 5% पॉजिटिव, केवल .04% आबादी संक्रमित
CoronaVirus को लेकर राहत भरी खबर है। बिहार में आबादी व जांच में मिले मरीजों के आंकड़े बता रहे हैं कि यहां बीमारी नियंत्रण में है। हालांकि जांच की गति भी बढ़ाने की जरूरत है।
पटना, जागरण टीम। CoronaVirus Bihar: बिहार में तेजी से पांव पसारते कोरोना के बीच राहत भरी खबर भी है। पिछले साढ़े तीन महीने में कोरोना के करीब पांच हजार मामले (Cases) मिले हैं, पर राज्य की 12.50 करोड़ की आबादी (Population) में यह संख्या करीब .04 फीसद ही है। एक और गुड न्यूज यह है कि स्वास्थ्य विभाग ने सात मार्च से आठ जून के बीच जिन 1,02,318 संक्रमण के संदिग्धों के सैंपल की जांच की है, उनमें केवल 5.05 फीसद को ही कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) पाया गया है। यह भी गौरतलब है कि संक्रमण के तीन महीने बाद भी राज्य में केवल ढ़ाई-तीन हजार जांच ही हो रही है और यहां रोजाना सौ से ढ़ाई सौ नए मामले मिल रहे हैं।
बिहार में कोरोना ने 22 मार्च को एक मौत के साथ एंट्री की थी। पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में मुंगेर के एक युवक की मौत हुई थी। मौत के बाद उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर हड़कम्प मच गया था। इसके बाद संक्रमितों की संख्या धीरे-धीरे बढती रही, लेकिन तीन मई से प्रवासी श्रमिकों के आने के साथ आंकड़े विस्फोटक हो गए। राज्य में मंगलवार तक मिले कुल 5455 कोरोना संक्रमितों में आधे से अधिक प्रवासी श्रमिक ही हैं।

Comments
Post a Comment