Sonu Sood: एक-दो नहीं बल्कि सोनू सूद की वेटिंग लिस्ट में शामिल हैं 70,000 से ज्यादा लोग, मदद जारी
इन सबके बीच सोनू सूद के पास एक लंबी लिस्ट तैयार हो गई है जिन्हें उनसे मदद की आस है। करीब 70000 लोग उनसे मदद की आस लगाए बैठे हैं।
नई दिल्ली,जेएनएन। सोनू सूद इस वक्त प्रवासी मजदूरों के लिए मसीहा बन गए हैं। वह लगातार अपने घरों से दूर फंसे मजदूरों को घर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने हेल्पलाइन नंंबर भी जारी किया है। वह पहले बसों के मदद से लोगों को उनके घर भेजने का काम कर रहे थे। इसके अलावा कुछ लोगों को वह हवाई जहाज और ट्रेन के माध्यम से भी उनके घर पहुंचा चुके हैं।
इन सबके बीच सोनू सूद के पास एक लंबी लिस्ट तैयार हो गई है, जिन्हें उनसे मदद की आस है। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनके पास एक-दो नहीं बल्कि 70,000 से ज़्यादा लोगों की वेटिंग लिस्ट है। इसके अलावा लोग भी उनसे मदद की गुहार लगा रहे हैं।सोनू ने इस इंटरव्यू में कहा, 'जिस दिन हमने बसों के माध्यम से लोगों को कर्नाटक भेजा, उसके बाद से मेरा फोन लगातार बज रहा है। मैं फोन और मैसेज मिस कर रहा था, इसलिए मैंने ट्रोल फ्री नंबर की शुरुआत की। उस पर फोन की बाढ़-सी आ गई है। 70,000 से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में हैं। इसके अलावा भी और भी लोग हैं, जो हमसे मदद की उम्मीद कर रहे हैं।'
गौरतलब है कि हाल ही में सोनू सूद ने अपने मोबाइल पर आ रहे हैं फोन्स और मैसेज़ का एक वीडियो शेयर किया था। उन्होंने उन लोगों से माफ़ी मांगी थी, जिनकी वह मदद नहीं कर पा रहे हैं।

Comments
Post a Comment